कश्मीर के कई इलाकों में इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में कल रात न्यूनतम तापमान गिरकर -0.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। जम्मू-कश्मीर में शोपियां सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान -3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी दिल्ली में सोमवार इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड हुआ। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहने की संभावना है। वहीं दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए अगले दो दिनों, 25 और 26 नवंबर, का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही देशभर में प्रदूषण की स्थिति भी मैप के जरिए दिखाई गई है, जिसमें हवा में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस की मात्रा को अलग-अलग रंगों से दर्शाया गया है।