पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तल्खी के बावजूद बहुपक्षीय मंच पर एक बार फिर संपर्क की संभावना बन रही है। पाकिस्तान अगले साल की शुरुआत में अपनी अध्यक्षता में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की संस्कृति मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए भारत को आमंत्रित करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, भारत इस न्योते पर क्या रुख अपनाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
गौरतलब है कि भारत ने हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित SCO की पहली सभ्यतागत संवाद बैठक में पाकिस्तान को न्योता दिया था, जिसमें पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक भी शामिल हुए थे। अब पाकिस्तान की ओर से भारत को संस्कृति मंत्रियों की बैठक के लिए आमंत्रित किया जाना है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि भारत इस बैठक में किस स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित करता है।
अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद से किसी भी भारतीय मंत्री ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। इस दौरान पाकिस्तान जाने वाले भारत के वरिष्ठ अधिकारियों में विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव आलोक डिमरी शामिल रहे, जिन्होंने सितंबर में SCO के राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान का दौरा किया था। संस्कृति मंत्रियों की बैठक को भारत के लिए अपेक्षाकृत कम संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि इसमें राजनीतिक स्तर पर प्रतिबद्धताएं सीमित रहेंगी।
संस्कृति मंत्रियों की बैठक के बाद पाकिस्तान SCO के विदेश और रक्षा मंत्रियों की उच्चस्तरीय बैठकों की भी मेजबानी करेगा, और अगस्त में इस्लामाबाद में राष्ट्राध्यक्षों का शिखर सम्मेलन आयोजित होना है। शिखर सम्मेलन में भारत की ओर से आमतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होते हैं, लेकिन भारतीय अधिकारियों के मुताबिक मौजूदा परिस्थितियों में प्रधानमंत्री मोदी का इस्लामाबाद जाना बेहद मुश्किल नजर आता है। एक विकल्प के तौर पर विदेश मंत्री एस जयशंकर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं, जैसा 2024 में कजाकिस्तान में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन में देखने को मिला था। भारत लगातार स्पष्ट करता रहा है कि SCO जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को भारत-पाकिस्तान के द्विपक्षीय रिश्तों में सुधार के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
