इस्लामाबाद। पाकिस्तान अगले साल की शुरुआत में होने वाली एससीओ संस्कृति मंत्रियों की बैठक के लिए भारत को निमंत्रण भेजने की तैयारी कर रहा है। पाकिस्तान इस समय एससीओ की अध्यक्षता कर रहा है और अगले साल अगस्त के अंत में एससीओ राष्ट्राध्यक्ष परिषद के शिखर सम्मेलन की मेजबानी भी करेगा, जिसमें आमतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। बताया जा रहा है कि पहले पाकिस्तान इस शिखर सम्मेलन को 14 अगस्त को अपने स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित करने पर विचार कर रहा था। अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद से किसी भी भारतीय मंत्री ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है, इसलिए इस बैठक पर भारत की प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।
रिपोर्ट के अनुसार, संस्कृति मंत्रियों की बैठक के बाद पाकिस्तान अगस्त के शिखर सम्मेलन से पहले एससीओ के रक्षा और विदेश मंत्रियों की अधिक हाई-प्रोफाइल बैठकों की भी मेजबानी करेगा। भारत के लिए पाकिस्तान में होने वाली सांस्कृतिक सहयोग की यह बैठक अपेक्षाकृत कम जोखिम वाला कार्यक्रम मानी जा रही है, जिसमें राजनीतिक प्रतिबद्धताएं न्यूनतम रहती हैं। इसके विपरीत, विदेश और रक्षा मंत्रियों की उच्च-स्तरीय बैठकों में भागीदारी से देश के भीतर राजनीतिक तापमान बढ़ सकता है। उल्लेखनीय है कि पहलगाम हमले से काफी पहले अक्टूबर 2024 में एस. जयशंकर एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए पाकिस्तान जाने वाले आखिरी भारतीय मंत्री थे।
पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रस्तावित सभ्यतागत संवाद के लिए पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक की मेजबानी को लेकर भारत में विपक्ष ने सरकार की आलोचना की थी। इसके बीच भारत ने दोहराया कि सिंधु जल संधि पर उसके रुख में कोई नरमी नहीं आई है, जिसे पहलगाम हमले के बाद स्थगित कर दिया गया था। भारत ने जोर दिया है कि एससीओ के तहत होने वाले सहयोग को द्विपक्षीय संबंधों में नरमी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। मलिक की भारत यात्रा बिना किसी द्विपक्षीय टकराव के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, क्योंकि उन्होंने संवेदनशील द्विपक्षीय मुद्दों को उठाने के बजाय प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बहुपक्षीय एससीओ विषयों पर ही अपनी बात रखी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रधानमंत्री मोदी एससीओ शिखर सम्मेलन के लिए इस्लामाबाद जाएंगे? भारतीय अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा चरण में ऐसी यात्रा की संभावना बेहद कम है। भारत का मानना है कि मोदी की यात्रा के लिए द्विपक्षीय संबंधों में किसी भी तरह की नरमी से पहले सीमा पार आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान के रुख में बुनियादी बदलाव जरूरी है। भारत अपनी सुरक्षा चिंताओं पर ठोस प्रगति चाहता है और जब तक इन चिंताओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक वह संबंधों के सामान्य होने का कोई संकेत या छवि नहीं बनाना चाहता। हालांकि, किसी वरिष्ठ मंत्री द्वारा भारत का प्रतिनिधित्व किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए पहले से ही एक मिसाल मौजूद है, साल 2024 में भी प्रधानमंत्री की जगह जयशंकर ने ही कजाकिस्तान में हुए एससीओ राष्ट्राध्यक्ष शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था।
