पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से हटाए गए लोगों के नाम दोबारा शामिल कराने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिए हैं। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत तथा जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि नाम बहाल करने के लिए अपील करने वाले 22 लाख लोगों के मामलों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई हो। राज्य में ऐसी कुल 38 लाख अपीलें लंबित हैं। पीठ ने कहा कि इन 22 लाख मामलों में भी कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के वार्डों से जुड़े मामलों को पहले सुना जाए, क्योंकि नगर निकाय चुनाव आगामी हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से चुनाव आयोग के साथ विचार-विमर्श कर ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाने को कहा है। फिलहाल ऐसे 19 ट्रिब्यूनल काम कर रहे हैं। कोर्ट ने कहा कि बड़ी संख्या में लंबित अपीलों को देखते हुए इनकी संख्या बढ़ाना जरूरी है। कोर्ट ने चुनाव आयोग से अलग-अलग स्थानों पर ट्रिब्यूनल के लिए अतिरिक्त जगह की व्यवस्था करने को भी कहा, ताकि अपील करने वाले लोगों को वहां पहुंचने में परेशानी न हो।

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान करीब 90 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। इन मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लीकेट या मृत घोषित किया गया था। इसके अलावा कुछ नामों को मैपिंग से जुड़ी 'लॉजिकल विसंगति' के आधार पर चिह्नित किया गया था। इसके बाद नाम हटाए जाने के खिलाफ 38 लाख अपीलें दाखिल की गईं। सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि ट्रिब्यूनल अब तक करीब 1.4 लाख मामलों का निपटारा कर चुके हैं और इनमें 90 फीसदी से अधिक मामलों में अपील स्वीकार की गई तथा संबंधित लोगों के नाम मतदाता सूची में बहाल किए गए। भूषण ने कहा कि जिन लोगों ने नाम हटाए जाने के खिलाफ अपील की है, उन्हें आगामी चुनावों में मतदान करने की अनुमति दी जानी चाहिए।

सुनवाई के दौरान प्रशांत भूषण ने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का असर नागरिकता समेत किसी अन्य अधिकार पर नहीं पड़ेगा, लेकिन राज्य सरकार कथित तौर पर मतदाता सूची से हटाए गए लोगों को पीडीएस के तहत राशन और अन्नपूर्णा योजना समेत विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ नहीं दे रही है। सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने इन आरोपों को निराधार बताया और कहा कि याचिकाकर्ताओं ने अपने दावे के समर्थन में एक भी उदाहरण पेश नहीं किया है। पीठ ने राज्य सरकार से इन आरोपों पर जवाब दाखिल करने को कहा है। एक अन्य मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार की उस अपील पर सुनवाई बुधवार तक के लिए टाल दी, जिसमें कलकत्ता हाईकोर्ट की खंडपीठ के उस अंतरिम आदेश को चुनौती दी गई है जिसमें राज्य निर्वाचन आयोग को कोलकाता नगर निगम चुनाव का कार्यक्रम घोषित करने से रोका गया था। इस मामले में वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 किए जाने को लेकर विवाद है।