नई दिल्ली: रिंग रोड पर शांति वन और राजघाट चौराहे से रोज गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को जल्द ट्रैफिक सिग्नल पर लंबा इंतजार और जाम से राहत मिल सकती है। ट्रैफिक पुलिस पीडब्ल्यूडी के साथ मिलकर इन दोनों चौराहों को रेडलाइट फ्री करने की योजना पर तेजी से काम कर रही है। योजना के तहत दोनों चौराहों के ट्रैफिक सिग्नल हटाकर कट बंद किया जाएगा और ट्रैफिक को यू-टर्न आधारित नई व्यवस्था से चलाया जाएगा। दोनों सिग्नल के दोनों तरफ डबल यू-टर्न बनकर तैयार हो गए हैं।
रिंग रोड पर शांति वन चौराहे पर सुबह-शाम तीन तरफ से गाड़ियों का दबाव अधिक होने से जाम लगता है। एक तरफ शांति वन सिग्नल से राजाराम कोहली मार्ग तक जाम लगता है, तो दूसरी तरफ राजघाट और जामा मस्जिद की तरफ से आने वाली गाड़ियां भी फंसती हैं। शांति वन सिग्नल पर जाम खत्म करने के लिए यहां क्रॉस ट्रैफिक बंद करने की प्लानिंग है। इसके तहत राजाराम कोहली मार्ग से जामा मस्जिद जाने वालों को सिग्नल से लेफ्ट टर्न लेकर राजघाट की तरफ जाना होगा और आगे घटा मस्जिद के सामने बने यू-टर्न से घूमकर निकलना होगा। इसी तरह जामा मस्जिद की तरफ से आने वाले जिन लोगों को सीधे राजाराम कोहली मार्ग या राजघाट की तरफ जाना है, उन्हें रेडलाइट से लेफ्ट टर्न करके आगे बने यू-टर्न से घूमकर आना होगा। राजघाट की तरफ से गीता कॉलोनी जाने वालों को रेडलाइट पार करने के बाद सलीमगढ़ किले से पहले बने यू-टर्न से आना होगा।
ट्रैफिक पुलिस राजघाट सिग्नल को भी हटवाकर कट बंद करेगी, जिसके बाद सिग्नल पर चारों तरफ से आने वाले ट्रैफिक को रुकना नहीं पड़ेगा। राजघाट कट बंद होने के बाद शांति वन रेडलाइट की तरफ से आने वाले जिन लोगों को दिल्ली गेट होते हुए आगे जाना है, उन्हें सिग्नल पार करने के बाद बनाए गए यू-टर्न से घूमकर आना होगा। दिल्ली गेट की तरफ से सराय काले खां या ईस्ट दिल्ली जाने वालों को सिग्नल से लेफ्ट टर्न करने के बाद घटा मस्जिद के सामने बने यू-टर्न से आना होगा। दोनों सिग्नल पर यू-टर्न बन गए हैं, अब सिग्नल हटाने और कट बंद करने का काम बाकी है।
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि दोनों सिग्नल बंद होते ही सराय काले खां तक पूरा रिंग रोड सिग्नल फ्री हो जाएगा। इसके बाद रिंग रोड पर सिर्फ चंदगी राम अखाड़े वाला सिग्नल ही बचेगा।
