दिल्ली के शकूरपुर जेजे कॉलोनी में रोड रेज के विवाद के बाद 28 वर्षीय युवक योगेश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात करीब 1 बजे जी-ब्लॉक रोड पर हुई, जब योगेश अपने दोस्तों के साथ सड़क किनारे खड़ा था। तेज रफ्तार कार लापरवाही से चलाए जाने को लेकर योगेश और कार सवार लोगों के बीच बहस शुरू हो गई, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला किया। गर्दन पर चाकू लगने से घायल योगेश को एक राहगीर अस्पताल ले गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

मृतक की पहचान योगेश के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ शकूरपुर जेजे कॉलोनी में ही रहता था। डीसीपी के मुताबिक, योगेश ने कार ड्राइवर से गाड़ी धीमी और सही तरीके से चलाने को कहा था, इसी बात पर कहासुनी बढ़ गई और कार सवार युवकों में से एक ने उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। योगेश के घायल होकर सड़क पर गिरने के बाद कार में सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

योगेश के भाई शिवा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कार ड्राइवर गलत दिशा से बेहद तेज गति में गाड़ी चलाते हुए आ रहा था और कार में करीब सात लोग सवार थे। शिवा का आरोप है कि योगेश द्वारा गाड़ी सही ढंग से चलाने की नसीहत दिए जाने पर युवकों ने उसे रास्ते से हटने को कहा और सार्वजनिक सड़क होने की बात कहने पर गाली-गलौज शुरू कर दी। उनका आरोप है कि ड्राइवर पहले कार लेकर आगे बढ़ गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद यू-टर्न लेकर वापस मौके पर आ गया, जहां सभी युवक कार से बाहर आए और योगेश की पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के दौरान ही एक ने चाकू निकालकर योगेश पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के वक्त शिवा भी पास में मौजूद था।

परिजनों ने बताया कि योगेश कर्मचारी चयन आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए स्कूली बच्चों की वैन चलाने का काम भी करता था। पुलिस अधिकारी का कहना है कि योगेश और आरोपी एक ही इलाके के रहने वाले हैं और पहले से एक-दूसरे को जानते थे। कार सवार सभी युवकों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें छापामारी कर रही हैं।