केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु की डीएमके से सहमति मिलने के बाद 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। इस विधेयक के लिए जरूरी दो तिहाई बहुमत का जुगाड़ भी हो चुका है।

27 नवंबर की सुबह डीएमके अध्यक्ष और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के आवास पर अहम बैठक हुई, जिसमें संसदीय दल की नेता कनिमोझी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। दोपहर करीब 12:30 बजे स्टालिन ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर केंद्र सरकार को याद दिलाया कि डीएमके हमेशा निष्पक्ष परिसीमन की वकालत करती रही है। उन्होंने दो मांगें रखीं—अगर लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत सीटों की हिस्सेदारी किसी भी हाल में कम नहीं होनी चाहिए, और 1971 की जनगणना के आधार पर तय राज्यों के बीच सांसदों की संख्या का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों तक वैसा ही रखा जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे राज्यों के बीच लोकसभा में प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बरकरार रहेगा। माना जा रहा है कि सरकार दक्षिणी राज्यों की इस आशंका को दूर करना चाहती है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन से यूपी-बिहार जैसे अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें तेजी से बढ़ेंगी और दक्षिणी राज्यों का प्रतिनिधित्व घटेगा। लोकसभा की 543 सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद संख्या 850 हो जाएगी, जिसमें केंद्रशासित प्रदेशों की 35 सीटें होंगी।

डीएमके सूत्रों का कहना है कि केंद्र सरकार के प्रस्तावित बदलावों की अनौपचारिक जानकारी कनिमोझी को पहले ही दे दी गई थी और स्टालिन के आवास पर हुई बैठक में उन्होंने यह जानकारी दी। इस पूरे प्रकरण में कनिमोझी भाजपा और डीएमके के बीच पुल का काम कर रही हैं। डीएमके ने 28 नवंबर को अपने लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की बैठक बुलाई है। पूर्व सांसद और पार्टी प्रवक्ता टी.के.एस. इलांगोवन ने एक स्थानीय समाचार पत्र को बताया कि पार्टी अंतिम फैसला लेने से पहले नए बिल की समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि अगर मांगें पूरी होती हैं और तमिलनाडु समेत अन्य दक्षिणी राज्यों को कोई नुकसान नहीं होता है, तो पार्टी इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए तैयार रहेगी।