देश में छात्र राजनीति पर बहस के बीच वेब सीरीज 'ढाई चाल' का ट्रेलर सोमवार को रिलीज हुआ। ट्रेलर की शुरुआत इस सवाल से होती है कि छात्रों को राजनीति में पड़ना चाहिए या सिर्फ पढ़ना चाहिए। एक मिनट 38 सेकेंड के ट्रेलर में एक तरफ यूनिवर्सिटी कैंपस में गगन अरोड़ा और आदिल जफर खान के किरदार हैं, तो दूसरी तरफ राज्य की सत्ता के केंद्र में राजेश कुमार और परितोष सैंड नजर आते हैं। ट्रेलर का अंत इस बयान पर होता है कि छात्रों को लगता है कि वे छात्र राजनीति कर रहे हैं, जबकि असल में ऊपर बैठे नेता उनसे यह करवाते हैं।

ट्रेलर में कॉलेज कैंपस में विरोध प्रदर्शन के सीन से शुरुआत होती है। गगन अरोड़ा का किरदार मयूर भारद्वाज कैंपस की राजनीति की दिशा पकड़ता है। इसके बाद छात्र नेता राघवेंद्र की एंट्री होती है, जिसे आदिल जफर खान निभा रहे हैं। दोनों साथ मिलकर मुद्दों पर लड़ते और 'छात्र शक्ति क्या होती है ये अब दिखाना पड़ेगा' का नारा बुलंद करते हैं। लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है जब बात छात्र राजनीति से आगे बढ़कर सत्ता की राजनीति तक पहुंच जाती है। मुख्यमंत्री दफ्तर में शतरंज के मोहरों में मयूर को नया प्यादा चुने जाने की बात होती है और राघवेंद्र को मयूर के खिलाफ उकसाया जाता है। अब तक साथ खड़े दोनों किरदार आमने-सामने आ जाते हैं।

मेकर्स के मुताबिक सीरीज में छात्र आंदोलन, मीडिया और राजनीति के गठजोड़ और सामयिक भारतीय राजनीति की जमीनी हकीकत को सामने रखा गया है। 'ढाई चाल' जियोहॉटस्टार की नई पेशकश है, जो लेखक और रणनीतिकार नवीन चौधरी के बेस्टसेलर उपन्यास 'जनता स्टोर' पर आधारित है। शो के क्रिएटर रितेश शाह हैं, जो 'पिंक', 'एयरलिफ्ट' और 'कहानी' जैसी फिल्मों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके हैं। सतीश कुमकुमनाथ नायर और नव निर्माण सिंह ने सीरीज का निर्देशन किया है। फोकस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी इस सीरीज का निर्माण भूषण सूरी, रितेश शाह और पार्थ सूरी ने किया है।

सीरीज 27 नवंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। कास्ट में गगन अरोड़ा, आदिल जफर खान, अंकित सिवाच, अंजलि तत्रारी, राजेश कुमार, परितोष सैंड और ऋषिका लोकरे शामिल हैं। मेकर्स ने दो सीजन की योजना पहले से बना ली है। पहला सीजन उपन्यास 'जनता स्टोर' पर आधारित है, जिसमें विश्वविद्यालय और छात्र राजनीति का रंग है, जबकि सीजन 2 का आधार उपन्यास 'ढाई चाल' है और उसमें कहानी कैंपस से निकलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की चुनावी राजनीति और गठबंधनों पर आधारित होगी।