धनबाद के चासनाला की रहने वाली देबरूपा मुखर्जी ने कमर्शियल पायलट बनकर अपने बचपन के सपने को साकार किया है। उन्होंने कानपुर और हैदराबाद से पायलट प्रशिक्षण पूरा किया। इस उपलब्धि को कोयलांचल की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।

देबरूपा का जन्म धनबाद में हुआ और उन्होंने अपने जीवन के शुरुआती करीब 20 वर्ष चासनाला में बिताए। उन्होंने सातवीं कक्षा तक कार्मेल स्कूल, डिगवाडीह में पढ़ाई की और इसके बाद चासनाला अकादमी से विज्ञान संकाय में दसवीं और बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। स्कूली दिनों से ही उनके मन में विमानन क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा थी।

देबरूपा ने बताया कि कमर्शियल पायलट बनने का सफर चुनौतीपूर्ण और रोमांचक रहा। लक्ष्य हासिल करने के लिए उन्होंने लगभग दो वर्षों तक कड़ा अनुशासन और कठिन परिश्रम किया। उन्होंने पहले गर्ग एविएशन, कानपुर और उसके बाद फ्लाईटेक एविएशन अकादमी, हैदराबाद से प्रशिक्षण प्राप्त किया। हैदराबाद से कमर्शियल पायलट लाइसेंस का प्रशिक्षण पूरा कर उन्होंने अपने सपने को पंख दिए।

वर्तमान में देबरूपा का परिवार धनबाद के बरटांड़ स्थित भुवनेश्वरी रेसिडेंसी में रहता है। उनके पिता राणा मुखर्जी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के सेवानिवृत्त कर्मी हैं। देबरूपा अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता सरबानी मुखर्जी, बड़ी बहन देबास्मिता मुखर्जी और अपने दोस्तों को देती हैं, जिन्होंने हर कठिन मोड़ पर उनका मनोबल बढ़ाया। चासनाला की गलियों से निकलकर आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचने वाली देबरूपा की यह सफलता कोयलांचल की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा है।