धर्मशाला के मैक्सिमस मॉल में बुधवार दोपहर बाद केएफसी स्टोर में आग भड़क गई, जिससे मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से केएफसी स्टोर के भीतर रखे सामान को नुकसान पहुंचा है, जबकि दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से मॉल के शेष भवन को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

जानकारी के अनुसार केएफसी स्टोर में अचानक आग भड़की और देखते ही देखते अंदर और बाहर धुआं फैल गया। घटना का पता चलते ही स्टोर के कर्मचारी भी आग बुझाने में जुट गए। मॉल से करीब 200 मीटर दूर स्थित अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर प्रभावी तरीके से काबू पाने के लिए फायर हाइड्रेंट की भी मदद ली गई।

दमकल कर्मियों ने स्टोर के भीतर लगी आग को बुझाने के साथ यह भी सुनिश्चित किया कि लपटें आसपास के हिस्सों और मॉल के अन्य प्रतिष्ठानों तक न पहुंचें। काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया, हालांकि आग बुझने के बाद भी स्टोर के भीतर धुएं का गुबार बना रहा। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।

घटना के वक्त मॉल परिसर में सैकड़ों लोग थे। इसी परिसर में थियेटर भी है, जहां सैकड़ों लोग फिल्म देख रहे थे। दमकल टीम ने यदि तुरंत मोर्चा न संभाला होता तो बड़ा नुकसान भी हो सकता था।