तमिलनाडु की पार्टी DMK ने परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का समर्थन करने का ऐलान किया है। DMK संसदीय दल की बैठक के बाद सांसद ए. राजा ने कहा कि पार्टी तमिलनाडु की 7.18% हिस्सेदारी में कोई बदलाव नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में अभी 39 लोकसभा सीटें हैं, यह बढ़कर 59 होनी चाहिए। ए. राजा के मुताबिक DMK अध्यक्ष ने जरूरत पड़ने पर अन्य संशोधन करने के लिए उन्हें पूरी छूट दी है। उन्होंने कहा कि जब DMK का कांग्रेस के साथ गठबंधन था, तब भी पार्टी की यही मांग थी और परिसीमन की प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से कराने पर DMK का रुख आज भी वही है।
बिल पास कराने के लिए लोकसभा में 360 सांसदों का समर्थन चाहिए। NDA के पास 320 सांसदों का समर्थन है। DMK के लोकसभा में 22 सांसद हैं। NCP (SP) के 8 और आंध्रप्रदेश की YSRCP के 4 सांसदों के भी समर्थन का दावा NDA कर रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि लोकसभा में बिल पास कराने के लिए सरकार ने जरूरी आंकड़ा जुटा लिया है।
बिल को लेकर आज INDIA और भाजपा की अलग-अलग बैठकें हो रही हैं। परिसीमन बिल पर चर्चा के लिए INDIA ब्लॉक की बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हो रही है। इस बैठक में DMK, NCP (SP), बीजू जनता दल और आम आदमी पार्टी को भी बुलाया गया था।
महाराष्ट्र कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि NCP (SP) परिसीमन बिल पर हमारे साथ नहीं है। वहीं DMK ने बिल के समर्थन का ऐलान कर दिया है। AAP और बीजू जनता दल ने अभी अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है।
