नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा अर्ना की फरीदाबाद के एक होटल में हुई मौत की जांच में अहम सुराग सामने आए हैं। पुलिस को होटल के कमरे से विपिन यादव के हाथ से लिखे दो नोट मिले हैं। एक नोट में उसने अर्ना के साथ आठ साल पुराने रिश्ते और दोनों के फैसले का जिक्र किया है, जबकि दूसरे में 50 हजार से 3.50 लाख रुपये तक के लेन-देन का हिसाब दर्ज है। पुलिस नोटों में किए गए दावों की जांच कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि लिखावट विपिन की ही है या नहीं।
पुलिस के मुताबिक, पहले नोट में विपिन ने दावा किया है कि वह और अर्ना पिछले आठ साल से एक-दूसरे से प्यार करते थे और दोनों अपनी जिंदगी से परेशान थे। नोट में उसने अर्ना की मौत की जिम्मेदारी लेते हुए खुद को भी खत्म करने की बात लिखी है और यह भी दावा किया है कि पहले तीन-चार बार जान देने की कोशिश कर चुका है, लेकिन हर बार बच गया। उसने नहर की तरफ जाने और अर्ना के फोन पर अपनी आखिरी लोकेशन साझा करने की बात कही है, हालांकि पुलिस को ऐसी कोई लोकेशन भेजे जाने की पुष्टि नहीं हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, नोट में नहर की किसी खास जगह का जिक्र भी नहीं है।
दूसरे नोट में विपिन ने उन लोगों के नाम लिखे हैं, जिनसे उसे पैसे लेने थे और जिन्हें रकम लौटानी थी। इसमें एक ऐसे व्यक्ति के साथ लेन-देन का भी जिक्र है, जिसे विपिन ने होटल में चेक-इन करने से पहले उसी सुबह एक लाख रुपये दिए थे। पुलिस इन नामों और लेन-देन की जानकारी जुटा रही है ताकि यह समझा जा सके कि आर्थिक मामलों का इस केस से कोई संबंध है या नहीं। क्राइम और फॉरेंसिक टीम होटल के कमरे से सबूत जुटा चुकी है और सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, विपिन और अर्ना सोमवार सुबह करीब 9:45 से 10 बजे के बीच होटल पहुंचे थे और रात करीब 10:30 बजे विपिन होटल से बाहर निकल गया। अगली सुबह होटल कर्मचारियों को कमरे में अर्ना का शव मिला। अर्ना सोमवार सुबह कुरेशीपुर स्थित अपने घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी और दोपहर करीब तीन बजे तक परिवार उससे फोन पर संपर्क में था, इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। मंगलवार सुबह परिजनों ने धौज पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, विपिन अर्ना के घर के ठीक सामने रहता था और उसके परिवार को भी जानता था। धौज पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस विपिन की तलाश के साथ सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
