नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने लाल किले के पास एमसीडी के नाम पर फर्जी पार्किंग पर्चियां जारी करके अवैध पार्किंग का रैकेट चलाने के आरोप में 40 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शास्त्री पार्क निवासी मोहम्मद नौशाद को 1300 रुपये नकद और 82 फर्जी पार्किंग पर्चियों वाली एक बुकलेट के साथ पकड़ा गया। इन पर्चियों पर एमसीडी ऑथराइज्ड स्कूटर/बाइक पार्किंग लिखा हुआ था। पकड़े जाने से पहले उसने बुकलेट की 100 पर्चियों में से 18 पर्चियां वाहन चालकों को जारी कर दी थीं।
पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के अनुसार, गुरुवार को लाल किला पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि अपर सुभाष मार्ग पर मेट्रो गेट नंबर 2 के निकट एक व्यक्ति बिना किसी अधिकार के एमसीडी के नाम वाली पार्किंग पर्चियां जारी कर रहा है और पार्किंग शुल्क वसूल रहा है। इस सूचना पर कोतवाली थाने के एसएचओ सुमन कुमार की देखरेख में एक टीम बनाई गई, जिसका नेतृत्व पुलिस चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर सतीश कर रहे थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि नौशाद के पास एमसीडी से लाल किला पुलिस चौकी के सामने वाली सड़क पर पार्किंग सुविधा चलाने का लाइसेंस था, जो 17 दिसंबर 2024 से तीन साल के लिए प्रभावी था। हालांकि, बकाया राशि का भुगतान न करने के कारण एमसीडी ने अगस्त 2026 में यह लाइसेंस रद्द कर दिया।
अधिकारी के मुताबिक, जिस इलाके में वह पहले पार्किंग का कारोबार चलाता था, उसे 'फ्री-पार्किंग जोन' घोषित कर दिया गया था और ट्रैफिक पुलिस ने वहां इस आशय के बोर्ड भी लगा दिए थे। इसके बावजूद नौशाद पार्किंग का कारोबार जारी रखते हुए वाहन चालकों से अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूलता रहा।
