लखनऊ के गोमती नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में शुक्रवार को दो दिवसीय 'देशज उत्सव' का शुभारंभ हुआ। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष जयंत खोत, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. मांडवी सिंह, डॉ. विद्या बिंदु सिंह, उषा अवस्थी, पंडित धर्मनाथ मिश्र और पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। आयोजन का उद्देश्य देशभर की लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है।
अतिथियों ने उत्सव को भारतीय लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। उनके अनुसार ऐसे उत्सव सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने के साथ लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। सोनचिरैया की 15 वर्षों की सांस्कृतिक साधना से उपजा यह उत्सव भारत की मिट्टी की महक, लोक जीवन की लय और सांस्कृतिक आत्मा को समर्पित पहल है।
पहले दिन विभिन्न प्रांतों के कलाकारों ने पारंपरिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें राजस्थान की तेरह ताली, चकरी और घूमर, गुजरात का भवई, महाराष्ट्र की लावणी, सिक्किम का याक छम और सिंघी छम, मध्य प्रदेश का गेंड़ी जनजातीय लोकनृत्य और आल्हा-संजू बब्बल, पश्चिम बंगाल का छऊ पुरुलिया, पंजाब के लोकगीत, ओडिशा का बोंडा जनजातीय लोकनृत्य, उत्तर प्रदेश का धोबिया लोकनृत्य और नौटंकी तथा केरल की कथकली शामिल रहीं। दिन का विशेष आकर्षण गायक जसवीर सिंह जस्सी और सुनील लोधी की संगीतमय प्रस्तुतियां रहीं। मालिनी अवस्थी ने 'काली बदरिया बरसे' और जस्सी ने 'नैना मिलाइकै' तथा 'मेरा पिया घर आया ओ रामजी' से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
उत्सव का उद्देश्य देशभर की लोककलाओं का संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार करना तथा विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक विरासत को साझा मंच देना है। दूसरे दिन भी लोकसंगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाओं की प्रस्तुतियां होंगी। आयोजन के जरिए विविधता में एकता का संदेश देते हुए लोककलाओं की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
