फर्रुखाबाद के राजेपुर क्षेत्र के गांव बदनपुर निवासी 33 वर्षीय पंकज सोमवंशी बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे अपनी बेटी आकृति को स्कूटर से जमापुर मोड़ स्थित कैप्टन डीपीएस स्कूल छोड़ने गए थे। बेटी को स्कूल छोड़कर वह घर लौट रहे थे। इटावा-बरेली हाईवे पर जमापुर चौराहे के पास तेज रफ्तार बाइक ने उनके स्कूटर में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

आसपास के दुकानदारों ने स्वजन को सूचना दी। स्वजन पंकज को सुबह करीब 8:30 बजे लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे, जहां तैनात डा. रिशु अग्निहोत्री ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे से पत्नी आरजू और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

छोटे भाई सोनू उर्फ प्रशांत ने बताया कि पंकज जमापुर मोड़ पर मोबाइल की दुकान चलाते थे और साथ में खेती भी करते थे। उनके मुताबिक हादसे के बाद बाइक मौके पर ही पड़ी मिली, जबकि बाइक सवार फरार हो गया। पुलिस ने बाइक को थाने भेज दिया है।