मुरादाबाद में विदेशी कारोबार से जुड़ी फर्मों और अक्टूबर में टीडीएस काटने वालों को 30 नवंबर तक आयकर रिटर्न और चालान-कम-स्टेटमेंट (फॉर्म 141) जमा करना होगा। समय सीमा चूकने पर भारी ब्याज और जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।

जिले में पीतल और हस्तशिल्प का कारोबार विदेशों तक फैला है। ऐसे में विदेश स्थित अपनी संबंधित कंपनियों के साथ लेनदेन करने वाली फर्मों को 30 नवंबर तक आयकर रिटर्न दाखिल करना होगा। इसके अलावा अक्टूबर में मकान या संपत्ति की खरीद, किराये, ठेकेदार और पेशेवर सेवाओं के कुछ निर्धारित भुगतानों पर टीडीएस काटने वाले लोगों को भी फॉर्म 141 के जरिये चालान-कम-स्टेटमेंट जमा करना होगा।

सीए अमन शुक्ला के अनुसार जिले में एक करोड़ रुपये से अधिक टर्नओवर वाली 25 हजार से ज्यादा व्यापारिक फर्में हैं। आयकर विभाग ने इस बार नए आयकर कानून के तहत टीडीएस की रिपोर्टिंग के लिए फॉर्म 141 शुरू किया है। पहले संपत्ति की खरीद, किराये और कुछ अन्य भुगतानों के लिए अलग-अलग फॉर्म भरने पड़ते थे, अब निर्धारित श्रेणियों के लेनदेन की जानकारी एक ही फॉर्म से दी जा सकेगी।

ट्रांसफर प्राइसिंग के दायरे वाली फर्मों के लिए भी 30 नवंबर तक रिटर्न दाखिल करना जरूरी है। समय सीमा चूकने पर सामान्य बिलेटेड रिटर्न का विकल्प नहीं मिलेगा, ऐसे में फर्म को आयकर विशेषज्ञ से आगे की कानूनी प्रक्रिया और संभावित कर देनदारी की जानकारी लेनी होगी। विदेश में संबंधित कंपनियों के साथ कारोबार करने वाली फर्मों को ट्रांसफर प्राइसिंग की विशेष ऑडिट रिपोर्ट भी जमा करनी होती है, जिसमें दोनों कंपनियों के बीच हुए लेनदेन और उसकी शर्तों का ब्योरा देना होता है। तय समय में यह रिपोर्ट जमा नहीं करने पर आयकर विभाग एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगा सकता है।

वहीं, 21 नवंबर तक आडिट वाली फर्मों का रिटर्न दाखिल नहीं कर पाने वालों के सामने अब विलंबित रिटर्न भरने का विकल्प है। ऐसे पात्र करदाता 31 दिसंबर 2026 तक बिलेटेड रिटर्न दाखिल कर सकते हैं। पांच लाख रुपये तक की कुल आय पर एक हजार और इससे अधिक आय पर पांच हजार रुपये तक विलंब शुल्क लग सकता है।