पटना: बिहार में 90 के दशक में जातीय संघर्ष और बाहुबल का दौर था। 4 दिसंबर 1994 को उत्तर बिहार के बाहुबली छोटन शुक्ला की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद मुजफ्फरपुर समेत पूरे उत्तर बिहार में आक्रोश था। अगले दिन 5 दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर के खबरा इलाके से छोटन शुक्ला की शवयात्रा निकल रही थी। इसी दौरान गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया अपनी एंबेसडर गाड़ी से पटना में एक बैठक में शामिल होकर गोपालगंज लौट रहे थे और भीड़ में फंस गए।
कहा जाता है कि लाल बत्ती लगी गाड़ी देख भीड़ का गुस्सा भड़क गया। आरोप था कि आनंद मोहन भी उस शवयात्रा में शामिल थे और उन्होंने ही भीड़ को भड़काया था, जिस पर उन पर दोष भी साबित हुआ। डीएम के ड्राइवर दीपक ने एक इंटरव्यू में बताया था कि भीड़ ने पहले गाड़ी से बाहर निकले बॉडीगार्ड को खींच लिया था। इसके बाद उन्होंने बैक गियर में कार को थोड़ी दूर भगाया, लेकिन डीएम कृष्णैया ने कहा था कि वो किसी भी हाल में अपने बॉडीगार्ड को छोड़कर नहीं जाएंगे। इसके बाद भीड़ ने डीएम को भी गाड़ी से बाहर खींच लिया।
बताया जाता है कि भीड़ इतनी हिंसक हो चुकी थी कि किसी के काबू में नहीं थी और पुलिस प्रशासन भीड़ के आसपास फटक तक नहीं पाई। भीड़ ने डीएम की बेरहमी से पिटाई की और उन्हें गोली भी मारी गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जांच में अन्य आरोपियों के अलावा उस वक्त बिहार पीपुल्स पार्टी (BPP) के सुप्रीमो रहे आनंद मोहन का नाम भी आया। गवाहों और सबूतों के आधार पर आनंद मोहन दोषी साबित हुए और 13 साल की सुनवाई के बाद अक्टूबर 2007 में निचली अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई थी।
इस फैसले के खिलाफ आनंद मोहन हाईकोर्ट गए और दिसंबर 2008 में हाईकोर्ट ने मौत की सजा को उम्रकैद में बदल दिया। जेल में 16 साल गुजरने के बाद 2023 में तत्कालीन नीतीश सरकार ने जेल मैनुअल में संशोधन किया, जिसके बाद आनंद मोहन की समय पूर्व रिहाई का रास्ता साफ हो गया और 27 अप्रैल 2023 को उन्हें सहरसा जेल से रिहाई मिल गई। इसके बाद दिवंगत डीएम जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट की शरण ली और अब आनंद मोहन की समय से पहले की गई रिहाई का फैसला रद्द कर दिया गया है।
