संभल के बहजोई क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बमनेटा गांव के निकट चैनल नंबर 112 पर गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से एक कार टकरा गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति, उसके इकलौते बेटे और साले की मृत्यु हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 11:10 बजे की है। आजमगढ़ निवासी अजय कुमार अपनी पत्नी शैलेश देवी, 12 वर्षीय बेटे पीयूष और साले राजकुमार के साथ वैगनआर कार से दिल्ली जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अजय कुमार, पीयूष और राजकुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि शैलेश देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिवार शुक्रवार को तीन बजे घर से चला था। कार कौन चला रहा था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
गंगा एक्सप्रेसवे के जीएम ने महिला से मिले फोन नंबर के आधार पर स्वजन को दुर्घटना की सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और तीनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए।
बहजोई के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मलिक ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हुई है और घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर प्रभावित यातायात को सुचारू करा दिया गया है।
