हरदोई के बिलग्राम क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसा एक्सप्रेसवे पर 324 किलोमीटर के पास हुआ। टक्कर में स्कॉर्पियो सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवती भी शामिल है, जिसका कुछ ही दिनों बाद निकाह होना था।
स्कॉर्पियो सवार लोग गाजियाबाद से बिहार जा रहे थे और निकाह से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। घायलों में गाजियाबाद के डासना निवासी शाहिद, रेशमा, नई दिल्ली निवासी नाजनी और चालक यूनुस पुत्र मोहम्मद नाजिर शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए नाजनी समेत तीन घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि एक घायल का सीएचसी में उपचार किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टक्कर लगने की बात सामने आई है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
