नई दिल्ली/ढाका: भारत और बांग्लादेश के बीच 1996 में हस्ताक्षरित गंगा जल संधि 12 दिसंबर को समाप्त हो रही है, लेकिन अगले महीने से पानी का बंटवारा कैसे होगा, यह अब तक तय नहीं हो पाया है। 21 और 22 नवंबर को ढाका में 'भारत-बांग्लादेश संयुक्त समिति' की 91वीं बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई, पर संधि के नवीनीकरण को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

12 दिसंबर 1996 को तत्कालीन प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा और बांग्लादेश की तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 30 साल के लिए इस संधि पर हस्ताक्षर किए थे। यह समझौता पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद स्थित फरक्का बैराज पर गंगा के जल बहाव से जुड़ा है और केवल सूखे के मौसम में लागू होता है। संधि 1 जनवरी से 31 मई तक प्रभावी रहती है, जब नदी में जलस्तर कम होता है और हर 10 दिनों में पानी के बहाव का हिसाब रखा जाता है।

फरक्का बैराज पर उपलब्ध पानी के आधार पर बंटवारा तय होता है। 70,000 क्यूसेक या उससे कम पानी होने पर दोनों देशों का हिस्सा 50-50 प्रतिशत रहता है। 70,000 से 75,000 क्यूसेक के बीच बांग्लादेश को 35,000 क्यूसेक मिलता है और बाकी पानी भारत का होता है। 75,000 क्यूसेक या अधिक होने पर भारत को 40,000 क्यूसेक मिलता है और शेष पानी बांग्लादेश का होता है। संधि में न्यूनतम पानी की गारंटी नहीं है, लेकिन अनुच्छेद II(iii) के तहत अगर बहाव लगातार 10 दिनों तक 50,000 क्यूसेक से कम रहे तो दोनों सरकारें तुरंत बात करेंगी।

संधि के खुद से नवीनीकृत होने का कोई प्रावधान नहीं है। बांग्लादेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज है और कुछ रिपोर्टों में संकेत मिला है कि वह मौजूदा संधि को ही आगे बढ़ाने पर सहमत हो सकता है, जबकि भारत की दलील अलग हो सकती है। शेख हसीना भारत में हैं और 16 दिसंबर को बांग्लादेश वापसी का ऐलान कर चुकी हैं। बिहार और पश्चिम बंगाल पहले से विरोध जता रहे हैं। संधि खत्म होने पर भारत जलवायु परिवर्तन, पानी के बदलते बहाव और इन राज्यों के विरोध को भी शामिल कराना चाहता है, इसलिए जल्दी सहमति की संभावना कम मानी जा रही है।