चक्रवात अकवान के संभावित खतरे को देखते हुए गंजाम जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में 1.21 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए चिह्नित किया गया है और 1,139 आश्रय स्थल तैयार रखे गए हैं। मंगलवार शाम तक 64 आश्रय स्थलों में 2,730 लोगों को पहुंचाया जा चुका था। जिला कलेक्टर वी. कीर्ति वासन ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता जान-माल की सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 18 नवंबर के लिए येलो अलर्ट तथा 19 और 20 नवंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अगले तीन दिनों के लिए पेयजल, सूखा भोजन और जरूरी दवाओं का इंतजाम रखने की अपील की है।
जिले के धराकोट, भंजनगर, आसिका और पात्रपुर के संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान की गई है। इन इलाकों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। राहत शिविरों में सूखा राशन, पेयजल और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया है तथा जरूरत पड़ने पर पका हुआ भोजन भी दिया जाएगा। आपदा प्रबंधन के लिए ओड्राफ की 12, एनडीआरएफ की तीन और अग्निशमन विभाग की 24 टीमें तैनात की जा रही हैं। इसके अलावा 13 चिकित्सा दल और पशुपालन विभाग की 23 त्वरित प्रतिक्रिया टीमें भी सक्रिय हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अगले 15 दिनों में प्रसव की संभावित तारीख वाली 1,777 गर्भवती महिलाओं की पहचान की है, जिनमें 711 उच्च जोखिम वाली महिलाओं को मां गृह और अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है। जिले में अब तक 102 सुरक्षित प्रसव हो चुके हैं।
चक्रवात के मद्देनजर 20 नवंबर तक समुद्र में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और सभी मछुआरे समुद्र से लौट चुके हैं। जिले की 1,578 पंजीकृत नौकाओं की पहचान की गई है। पुलिस, मत्स्य विभाग और तहसील प्रशासन की टीमें तटीय क्षेत्रों में गश्त कर रही हैं। गोपालपुर और सुनापुर समेत जिले के सभी समुद्र तट एवं पर्यटन स्थल 18 से 20 नवंबर तक पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे। जल संसाधन विभाग सभी प्रमुख नदियों, बांधों और जलाशयों के जलस्तर पर नजर रख रहा है। फिलहाल सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं और जलाशयों में भंडारण क्षमता का लगभग 60 प्रतिशत या इससे कुछ अधिक पानी रखा गया है। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा।
बरहमपुर नगर निगम ने शहर के लगभग सभी वार्डों में जल निकासी के लिए विशेष टीमें लगाई हैं और नालों की सफाई जारी है। जरूरत पड़ने पर निशुल्क पका भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। आरडब्ल्यूएसएस और वाटको को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने 260 क्विंटल से अधिक चूड़ा, पर्याप्त मात्रा में गुड़ और 2.10 लाख से अधिक पानी की बोतलों का भंडार किया है, जिन्हें राहत शिविरों में भेजा जा रहा है। जिले के सभी प्रखंड, तहसील और शहरी निकाय कार्यालयों में नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। जिला आपातकालीन नियंत्रण कक्ष का नंबर 06811-263978 है। स्कूल-कॉलेज बंद करने का फैसला मौसम की स्थिति के आधार पर लिया जाएगा।
