मंगलवार सुबह करीब 7:05 बजे गढ़वा और आसपास के इलाकों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। झटके पांच से दस सेकंड तक रहे, जिससे घरों में रखा सामान हिल गया। बिस्तर पर सो रहे कुछ लोगों को अचानक बिस्तर हिलने का अहसास हुआ। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंदिरों में पूजा कर रहे लोगों ने भी पूजा सामग्री और पंखों को हिलते देखा।

झटका थमने के बाद लोगों को भूकंप की जानकारी हुई, तो दोबारा झटके की आशंका से कई लोग घरों से बाहर निकल आए। सुबह के समय ठंड के कारण अधिकांश लोग बिस्तरों में थे। झटका इतना हल्का और कम समय का था कि बड़ी संख्या में लोगों को इसका अहसास ही नहीं हुआ, जबकि कुछ लोग अपनी सुबह की दिनचर्या में जुटे थे।

भूकंप का केंद्र नेपाल के लेलेप में बताया जा रहा है। इसका असर बिहार और झारखंड समेत देश के उत्तर एवं पूर्वोत्तर राज्यों में भी महसूस किया गया।

राहत की बात यह रही कि गढ़वा जिले में भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।