गाजियाबाद के नवयुग मार्केट चौराहे पर हापुड़ रोड पर जीडीए द्वारा बनाए गए यूटर्न को बिना जरूरी सुरक्षा इंतजामों के वाहनों के लिए खोल दिया गया। मंगलवार रात अचानक सामने आए यूटर्न को देखकर एक पिकअप वैन का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक घायल हो गया। गनीमत रही कि कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया।
हापुड़ रोड पर नवयुग मार्केट चौराहे पर यातायात का दबाव कम करने के लिए पहले लालबत्ती की व्यवस्था थी। जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने यहां यूटर्न का निर्माण कराया। निर्माण पूरा होने के बाद मंगलवार को इसे आवागमन के लिए खोल दिया गया, लेकिन यूटर्न पर न रिफ्लेक्टर टेप लगाई गई और न ही वाहन चालकों को पहले से सतर्क करने के लिए चेतावनी या दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए। ऐसे में रात के समय यूटर्न वाहन चालकों के लिए खतरा बन गया।
मंगलवार रात एक पिकअप वैन हापुड़ रोड से तेज गति में गुजर रही थी। चालक को सड़क पर अचानक यूटर्न दिखाई दिया। स्थिति समझ पाने से पहले ही उसने घबराकर ब्रेक लगाए और वाहन को दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रयास किया, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना मिलने पर सिहानी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वैन में फंसे चालक को बाहर निकाला। चालक ने पुलिस को बताया कि उसे यूटर्न दिखाई नहीं दिया था। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त पिकअप को सड़क से हटाकर यूटर्न के पास खड़ा करा दिया गया।
बुधवार को भी यूटर्न के आसपास यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। वाहनों की आवाजाही बाधित होने से दिनभर जाम जैसी स्थिति बनी रही और वाहन चालकों को रुक-रुककर आगे बढ़ना पड़ा। डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने कहा कि यदि यूटर्न बिना रिफ्लेक्टर टेप और सूचना बोर्ड लगाए खोला गया है तो इस संबंध में जीडीए को पत्र लिखा जाएगा। ट्रैफिक पुलिस भी यूटर्न का निरीक्षण करेगी और यदि वहां कोई कमी मिलती है तो उसे दूर कराया जाएगा।
