गाजियाबाद के जिला एमएमजी अस्पताल में शुक्रवार दोपहर चोरों ने प्रथम तल स्थित बी ब्लाक वार्ड का ताला और दरवाजे का शीशा तोड़कर मरीजों को ऑक्सीजन सप्लाई के लिए लगे उपकरण (फ्लोमीटर) उखाड़ लिए। घटना के समय वार्ड में तैनात सुरक्षा गार्ड, चौकीदार और स्वास्थ्यकर्मी सो रहे थे। चोर ने वार्ड में बैठकर उपकरणों से महंगा सामान निकाला और शेष उपकरण इधर-उधर फेंककर भाग गया। इनकी कीमत लाखों रुपये बताई गई है।

सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें एक ही चोर दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस को तहरीर भेजकर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया गया है। साथ ही सुरक्षा प्रभारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है कि आखिर चोरी किन कारणों से हो रही है।

सीएमएस के अनुसार, चोरी से पूरे वार्ड की ऑक्सीजन सप्लाई बंद हो गई है और सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ है। इससे पहले भी अस्पताल परिसर से कई बार सामान चोरी हो चुका है। अस्पताल में 24 घंटे शिफ्टों में 17 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, फिर भी परिसर में असामाजिक तत्व, नशेड़ी और चोर घूमते रहते हैं।

डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर भेज दी गई है और सुरक्षा प्रभारी एवं सुरक्षाकर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच कराई जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया जाएगा।