गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक टोलकर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान जितेंद्र यादव उर्फ मुलायम (25) के रूप में हुई है। वह मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के फकराबाद गांव से शादी का निमंत्रण कर अपने घर मिर्जापुर (जंगीपुर) लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, हादसा नोनहरा थाना क्षेत्र के सुसुंडी गांव के पास हुआ। टक्कर के बाद जितेंद्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र मिर्जापुर-क्यामपुर टोल प्लाजा पर कर्मचारी थे।
बुधवार शाम ड्यूटी के बाद वह रिश्तेदारी में शादी का निमंत्रण देने फकराबाद गए थे और वहीं से लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, उनके पिता रमेश यादव ने उन्हें रिश्तेदारी में भोजन कर रुकने की सलाह दी थी, लेकिन वह गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकल पड़े। उन्होंने फोन पर मित्रों को बताया था कि वह लौट रहे हैं और सभी साथ भोजन करेंगे। मित्र उनका इंतजार करते रहे, तभी हादसे की सूचना मिली।
तीन भाइयों में दूसरे नंबर के जितेंद्र अविवाहित थे। उनकी मौत से परिवार में मातम का माहौल है। मां मंजू देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नोनहरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
