झारखंड के गोड्डा जिले के मेहरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को एक महिला अपनी करीब 15 दिन की बच्ची को छोड़कर चली गई और वापस नहीं लौटी। अस्पताल के ऊपरी तल्ले पर स्थित महिला वार्ड में घूंघट में पहुंची महिला ने वार्ड में भर्ती एक मरीज से कहा था कि वह कुछ देर में लौटकर बच्ची को ले जाएगी। काफी देर बीतने के बाद भी जब महिला वापस नहीं आई, तो भर्ती मरीजों को संदेह हुआ और उन्होंने ड्यूटी पर तैनात डाक्टर प्रणव राज को जानकारी दी।

चिकित्सक ने बच्ची की स्वास्थ्य जांच की, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ मिली। महिला के लौटने का काफी देर तक इंतजार किया गया, लेकिन जब बच्ची को लेने कोई नहीं पहुंचा, तो अस्पताल प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना से सहायक अवर निरीक्षक सन्मुख राम अस्पताल पहुंचे और मामले की छानबीन की।

डाक्टर प्रणव राज ने बताया कि बच्ची के संबंध में जिला मुख्यालय स्थित चाइल्ड हेल्थ केयर को सूचना दे दी गई है। फिलहाल बच्ची को अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है और उसके लिए दूध, वस्त्र एवं अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

घटना की जानकारी के बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग महिला के इस कदम की आलोचना कर रहे हैं, तो कुछ इसे उसकी संभावित पारिवारिक मजबूरी से जोड़कर देख रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्ची को असुरक्षित जगह छोड़ने के बजाय अस्पताल जैसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना उसके हित में बेहतर कदम रहा। हालांकि महिला ने किन परिस्थितियों में बच्ची को छोड़ा, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और बच्ची के संरक्षण तथा आगे की देखभाल को लेकर संबंधित बाल संरक्षण इकाई की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।