महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के बोंद्रानी गांव में एक 35 वर्षीय एयर होस्टेस की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। महिला का शव वैनगंगा नदी के पास मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
पुणे की रहने वाली वर्षा तुरकर दिवाली मनाने के लिए अपने मायके आई हुई थीं। परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर की शाम उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया और उनकी पीठ पर चाकू से चार बार वार किए गए। वह अपनी ढाई साल की बेटी के साथ दिवाली के लिए गांव स्थित अपने मायके गई थीं।
14 नवंबर को वर्षा गोंदिया के रहने वाले अपने दोस्त रितेश अग्रवाल के साथ बोंद्रानी गांव में वैनगंगा नदी के किनारे घूमने गई थीं। शाम करीब 6 बजे रितेश ने वर्षा के जीजा अश्विनी उर्फ पप्पू पटले को फोन कर बताया कि कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया है और वर्षा को चाकू मार दिया है। परिवार के लोग वर्षा को खून से लथपथ हालत में खैरलांजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने शाम करीब 7 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार के मुताबिक, वर्षा रितेश को कॉलेज के दिनों से जानती थीं। साल 2024 में उन्होंने समर सैयद से शादी की थी और इसके बाद पति के साथ पुणे में रहने लगी थीं। घटना के बाद दवानीवाड़ा पुलिस रितेश और अश्विनी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नदी किनारे क्या हुआ और वर्षा पर हमला किसने किया। अभी तक किसी की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। वर्षा के पिता धुरलाल तुरकर ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
