गोरखपुर में गगहा क्षेत्र के सुमही गांव निवासी बिजली किन्नर के पति रविकेश गौतम की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के अनुसार, किन्नरों के बीच क्षेत्र बंटवारे को लेकर चल रही रंजिश में सुपारी देकर रविकेश और उनकी पत्नी बिजली किन्नर पर हमला कराया गया था। साजिश में शामिल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर की रात करीब आठ बजे बिजली किन्नर अपने पति रविकेश गौतम और अन्य लोगों के साथ भैंसा बाजार से लौट रही थीं। इसी दौरान कलानी मोड़ के पास कार सवार हमलावरों ने उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से रविकेश की मृत्यु हो गई, जबकि बिजली किन्नर घायल हो गईं। घटना के बाद पुलिस की कई टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी थीं।
पूछताछ में सामने आया कि मनचली उर्फ सन्नी किन्नर की बिजली किन्नर से क्षेत्र के बंटवारे को लेकर रंजिश थी। इसी विवाद में मनचली ने अजय शर्मा उर्फ दुर्गेश शर्मा के माध्यम से शेख उर्फ मित्रपाल से संपर्क किया और बिजली किन्नर तथा उनके पति रविकेश की हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के अनुसार, इसी योजना के तहत हमलावरों ने दंपती पर फायरिंग की थी।
पुलिस ने धर्मप्रकाश उर्फ अंकित कुमार निवासी महरूपुर, थाना जीयनपुर, आजमगढ़; करन कुमार और दुर्गेश कुमार उर्फ लालू निवासी बलिदपुर (कोड़रा); सूरज कुमार निवासी बलिदपुर, थाना मोहम्मदाबाद गोहना, मऊ; मनचली उर्फ सन्नी किन्नर निवासी खटिकाना मोहल्ला, गोला और अजय शर्मा उर्फ दुर्गेश शर्मा निवासी सोनइचा, थाना गगहा को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से दो अवैध .32 बोर पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक चारपहिया और एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की है।
