गुरुग्राम में कुछ दवा कंपनियों द्वारा इंटरनेट मीडिया पर साधु-संतों की एआई आधारित फोटो के साथ अश्लील विज्ञापन चलाने का मामला सामने आया है। इन विज्ञापनों में यौन क्षमता बढ़ाने वाले उत्पादों का प्रचार किया जा रहा था। साधु-संतों की तस्वीरों के इस्तेमाल से हिंदू समाज में आक्रोश है।
धर्माचार्य अरुण कृष्ण के नेतृत्व में हिंदू समाज के लोगों ने शुक्रवार को सेक्टर 50 स्थित यूनीटेक बिजनेस जोन में पेस्टजेम्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के बाहर प्रदर्शन किया और पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के अनुसार, यह विज्ञापन इसी कंपनी के नाम से इंटरनेट मीडिया पर चलाए गए थे। धर्माचार्य ने बताया कि कुछ दिन पहले इंटरनेट मीडिया देखते समय उन्हें यह अश्लील विज्ञापन दिखा, जिसमें कुछ साधु-संतों की एआई आधारित फोटो भी थीं।
सेक्टर 50 थाना पुलिस ने शनिवार को इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आईटी एक्ट, स्त्री अशिष्ट रूपण अधिनियम और औषधि एवं उपचार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है, ताकि पूरी सच्चाई का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
