नेशनल हाईवे-30 पर तकनीकी खामियों और अव्यवस्थित यातायात के कारण सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। एनएचएआई की टीम ने सीतापुर से बरेली के बीच 92 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए हैं। इन हादसों को रोकने के लिए अब तक कोई ठोस कार्ययोजना जमीन पर नहीं दिख रही है।

एनएचएआई ने जहां क्रॉसिंग की जरूरत थी, वहां वैध कट नहीं बनाया, जबकि कम जरूरत वाले स्थान पर ओवरब्रिज बना दिए। इससे मजबूर होकर राहगीरों ने डिवाइडर तोड़कर रास्ता बना लिया। कई जगह ऐसे कट बनवा दिए गए जो महज कुछ खास लोगों की जरूरत थे। नतीजा यह है कि अवैध क्रॉसिंग सड़क पार करने वालों और वाहन चालकों दोनों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। मामला जिलाधिकारी से लेकर विभाग तक को कई बार बताया गया, लेकिन नतीजा नहीं निकला।

जंगबहादुरगंज से शाहजहांपुर के बीच करीब 30 किमी के दायरे में एक भी अंडरपास नहीं है। इस कारण कई प्रमुख चौराहे और तिराहे सीधे हाईवे से जुड़े हैं। बीते 20 दिनों में दस किमी के दायरे में 7 लोगों की मौत और लगभग 40 लोगों के घायल होने की खबर ने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जंगबहादुरगंज बाईपास के पूर्वी छोर पर उदयपुर के करीब ब्लैक स्पॉट खत्म करने के लिए नया रास्ता देकर डिवाइडर में कट बनाया गया, लेकिन इसके बाद भी लोग डिवाइडर के ऊपर से बाइक निकालने का जानलेवा स्टंट कर रहे हैं। रात में दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है। मेन रोड से बाईपास के दोनों प्रवेश और निकासी स्थल भी मानक विहीन हैं।

उचौलिया में फ्लाईओवर, नगरिया मोड़ और तिलहर बाईपास पर छह लेन के अंडरपास बनाए जाएंगे। उचौलिया में अंडरपास के लिए 81.10 करोड़ और नगरिया मोड़ के लिए 44.70 करोड़ का बजट प्रस्तावित है। फिलहाल मैगलगंज और जंगबहादुरगंज बाईपास को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं है। एनएचएआई के सहायक अभियंता पुष्पेश के अनुसार, वर्ष 2013 में फोरलेन निर्माण के लिए जो मानक और प्रस्ताव स्वीकृत हुए थे, उन्हीं के अनुसार हाईवे बनाया गया। अब जहां भी ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए जा रहे हैं, वहां सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उचौलिया में फ्लाईओवर और मैगलगंज बाईपास के दोनों ओर अंडरपास स्वीकृत हुए हैं, जबकि जेबीगंज बाईपास के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है। शाहजहांपुर के बाद नगरिया मोड़ पर भी अंडरपास स्वीकृत हुआ है।