गुरुग्राम जिला अदालत ने नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राज रानी मल्होत्रा के जाति प्रमाण पत्र को चुनौती देने वाली अपील खारिज कर दी है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा की अदालत ने कहा कि किसी उम्मीदवार के जाति प्रमाण पत्र की वैधता तय करना चुनाव अदालत के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इसके लिए जिला, मंडल और राज्य स्तर पर गठित स्क्रूटनी कमेटियां ही सक्षम हैं। अदालत ने अपीलकर्ता पर 5,500 रुपये मुकदमे का खर्च भी लगाया है।
दरबारीपुर निवासी यशपाल प्रजापति ने मेयर के बीसी-ए वर्ग के जाति प्रमाण पत्र पर सवाल उठाते हुए चुनाव याचिका दायर की थी। उनका आरोप था कि मेयर पंजाबी जाट हैं, जबकि चुनाव में उन्होंने सुनार जाति का प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर आरक्षित पद पर चुनाव लड़ा। याचिकाकर्ता ने प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए उसकी वैधता पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दूसरी प्रत्याशी सीमा पाहुजा के जाति प्रमाण पत्र को लेकर भी आपत्ति दर्ज कराई थी।
राज रानी मल्होत्रा ने दो मार्च 2025 को हुए चुनाव में सर्वाधिक वोट हासिल किए थे और 20 मार्च को उन्हें मेयर घोषित किया गया था। अदालत ने कहा कि विधिवत जारी प्रमाण पत्र की जांच और उस पर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार संबंधित स्क्रूटनी कमेटियों के पास है और चुनाव याचिका के जरिए इस अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
इससे पहले सिविल जज (सीनियर डिवीजन) मनीष कुमार की अदालत ने पांच सितंबर 2025 को चुनाव याचिका प्रारंभिक स्तर पर खारिज कर दी थी, जिसके विरुद्ध यशपाल प्रजापति ने जिला अदालत में अपील की थी। अपीलकर्ता की ओर से दलील दी गई थी कि याचिका में लगाए गए आरोपों की जांच साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए थी। कोर्ट के फैसले की जानकारी देने के लिए बुधवार को मेयर राज रानी मल्होत्रा ने प्रेस कांफ्रेस की।
