गुरुग्राम के फरुखनगर में करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से सीवर और पेयजल की नई लाइनें बिछाने का काम अभी शुरू नहीं हो पाया है। परियोजना टेंडर प्रक्रिया में उलझी हुई है, जिसका असर शहरवासियों पर गंदगी, दुर्गंध और जलभराव के रूप में पड़ रहा है।

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जेई भूपेंद्र के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और तीन एजेंसियों ने इसमें भाग लिया है। उनका कहना है कि करीब 20 से 25 दिनों में काम शुरू करा दिया जाएगा। इससे पहले 16 सितंबर को अधिकारियों ने एक महीने के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर काम शुरू कराने का भरोसा दिया था, लेकिन तय समयसीमा बीतने के बाद भी धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ।

शहर के कई वार्डों में सीवर व्यवस्था बदहाल है। वार्ड-6 में स्थिति ज्यादा खराब बनी हुई है, जहां सीवर का दूषित पानी सड़कों और गलियों में बह रहा है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी रास्तों पर जमा होने से आवागमन मुश्किल हो गया है और दुर्गंध से आसपास के परिवार परेशान हैं।

स्थानीय निवासी जतिन, हरचंद, विक्की, रामबीर और त्रिलोक का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन हर बार आश्वासन देकर जिम्मेदारी पूरी कर ली जाती है। लोगों का सवाल है कि जब समस्या अधिकारियों के संज्ञान में है तो समाधान में देरी क्यों हो रही है।