हल्द्वानी के मुखानी कोतवाली क्षेत्र में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले 10 वर्षीय बालक पर पड़ोस की छह साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार दोनों बच्चे पड़ोसी हैं और आरोप है कि बालक ने पहली कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची के साथ अश्लील हरकत की। इस दौरान स्वजन ने दोनों को देख लिया।
घटना के सामने आने के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। कोतवाल सुशील जोशी ने बताया कि घटना सात दिन पुरानी है और मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बालक ने मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखने के बाद इस तरह की हरकत की। पुलिस मोबाइल पर अश्लील सामग्री देखने की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मामले ने बच्चों के हाथ में मोबाइल पहुंचने के साथ उन पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी को फिर से चिंता का विषय बना दिया है।
