हापुड़ में गन्ने का बकाया भुगतान न मिलने से नाराज किसानों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में हंगामा किया। सिंभावली शुगर मिल को लेकर किसान समाधान दिवस में जमकर हंगामा हुआ। भुगतान की मांग पर अड़े किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई, जिसके बाद डीएसओ, सीजीएम और एडीएम के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
गुस्साए किसानों ने कलेक्ट्रेट सभागार के गेट बंद कर सीजीएम और डीएसओ को बंधक बना लिया और सभागार में ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई। किसानों ने बकाया भुगतान पर ठोस निर्णय होने तक क्रय केंद्रों पर ताला लगाने का एलान किया, जिससे प्रशासन के सामने नया संकट खड़ा हो गया।
एडीएम के आश्वासन पर किसान संगठनों ने 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए धरना समाप्त किया। किसानों का कहना है कि इस अवधि तक क्रय केंद्रों पर गन्ना नहीं लिया जाएगा।
