हापुड़ के पिलखुवा में कोतवाली क्षेत्र के कृष्णगंज मोहल्ले में चोरों ने एक मकान से सोने-चांदी के जेवर और 30 हजार रुपये नकद चुरा लिए। परिवार के अनुसार, घटना के समय वह ऊपरी मंजिल पर सो रहा था और सुबह नीचे आने पर चोरी का पता चला।
जानकारी के अनुसार, कृष्णगंज निवासी विजय कुमार पुत्र भीम सिंह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में पत्नी उर्मिला और दो बेटे रुद्र (15) व तनिष्क (10) हैं। बताया गया कि पत्नी रिश्तेदारी में हुई मौत के चलते पंजाब गई हुई थी।
देर रात चोरों ने मकान के निचले कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, गले की सोने की हंसली, चांदी की पाजेब, कान के कुंडल और 30 हजार रुपये नकद चुरा लिए। पीड़ित रात में ऊपर के कमरे में सो रहा था। सुबह नीचे आने पर कमरे का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान ने बताया कि मामले की जानकारी है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
