हरियाणा सरकार ने पानीपत और झज्जर के अतिरिक्त उपायुक्तों का तबादला कर दिया है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बुधवार को दो आईएएस और एक एचसीएस अधिकारी के नियुक्ति एवं स्थानांतरण आदेश जारी किए। साथ ही आईएएस मुकुल कुमार को हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

पानीपत में अतिरिक्त उपायुक्त-सह-जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी के रूप में तैनात आईएएस अंकित कुमार चैकसे को झज्जर में लगाया गया है। झज्जर के अतिरिक्त उपायुक्त-सह-जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी एचसीएस जग निवास अब पानीपत में सेवाएं देंगे।

मुकुल कुमार वर्तमान में सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के मिशन निदेशक तथा आतिथ्य विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव का कार्यभार संभाल रहे हैं। अब वे हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।

मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार ऑनलाइन पोर्टल पर एचसीएस (कार्यकारी शाखा) अधिकारियों की वर्ष 2025-26 की वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट (पीएआर) दर्ज करने के लिए विभिन्न स्तरों की समय-सीमा बढ़ाई गई है। रिव्यूइंग अथॉरिटी द्वारा मूल्यांकन की समय-सीमा 24 नवंबर निर्धारित की गई है, जबकि एक्सेप्टिंग अथॉरिटी द्वारा मूल्यांकन की अंतिम तिथि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 31 दिसंबर रहेगी।