पंचकूला सेक्टर-6 स्थित जिला नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को अमृत फार्मेसी का उद्घाटन हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किया। राज्य के 16 जिलों में यह सुविधा शुरू की गई है, जहां कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग और डायबिटीज समेत अन्य बीमारियों की दवाएं बाजार मूल्य से कम दर पर उपलब्ध होंगी। मरीजों को सस्ते रेट पर चिकित्सा उपकरण भी मिलेंगे।
इस सुविधा से पंचकूला जिले के पांच लाख से अधिक मरीजों को महंगी दवाइयों के खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है। सरकारी अस्पतालों में उपचार कराने वाले मरीजों की दवाइयों के लिए बाजार पर निर्भरता भी इससे कम होगी।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि परियोजना के जरिए आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां सस्ती दरों पर दी जा रही हैं। अमृत फार्मेसी केंद्र सरकार की ‘अफोर्डेबल मेडिसिन्स एंड रिलाएबल इंप्लांट्स फॉर ट्रीटमेंट’ पहल के तहत संचालित है।
चंडीगढ़ पीजीआई सहित देश के कई बड़े सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में यह सुविधा पहले से उपलब्ध है। हरियाणा में रोहतक पीजीआईएमएस, करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, नूंह के शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज और गुरुग्राम सहित अन्य स्थानों पर भी अमृत फार्मेसी चल रही है। अब इसका विस्तार जिला स्तर पर किया जा रहा है।
