उत्तरी पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के असर से मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने लगी है। हिमाच्छादित पहाड़ों से आ रही ठंडी उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण नारनौल और महेंद्रगढ़ में ठिठुरन महसूस की जा रही है। 17 नवंबर को नारनौल का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस और महेंद्रगढ़ का 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में रात के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट जारी रह सकती है।

हरियाणा के तापमान की बात करें तो 17 नवंबर को हिसार और पंचकूला में सबसे कम 9.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद महेंद्रगढ़ में 10 डिग्री, बावल में 10.2 डिग्री और नारनौल में 10.5 डिग्री तापमान रहा। भिवानी में प्रदेश का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान 10 से 15 डिग्री के बीच बना हुआ है।

भारतीय मौसम विभाग सब सेंटर राजकीय महाविद्यालय नारनौल के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि आने वाले दिनों में कमजोर पश्चिमी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी जारी रह सकती है, लेकिन हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में 22 नवंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से दिन और रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि पिछली मौसम प्रणाली के कारण वातावरण में मौजूद नमी और हवाओं की कम गति के चलते सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने क्षेत्र में धुंध और कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में सुबह के समय वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।