हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कदम उठा रही है। जींद, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ जिलों में चार नए उप-स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाएंगे, जिन पर 2 करोड़ 14 लाख 96 हजार रुपये खर्च होंगे। वहीं, जींद जिले के नरवाना स्थित सिविल अस्पताल को 50 से बढ़ाकर 100 बिस्तरों का करने की मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर 106.02 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि नरवाना सिविल अस्पताल के अपग्रेड होने से शहर के साथ आसपास के दर्जनों गांवों की आबादी को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के साथ चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और आपातकालीन सेवाओं का भी विस्तार किया जाएगा। इससे मरीजों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और जिला मुख्यालय के अस्पतालों पर दबाव भी कम होगा।

नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों में जींद जिले के बराह कलां में 43.51 लाख और अनूपगढ़ में 55 लाख रुपये की लागत से निर्माण होगा। गुरुग्राम के गुडाना में 60.95 लाख रुपये तथा महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र के बेवल में 55.50 लाख रुपये की अनुमानित लागत से केंद्र बनाया जाएगा।

आरती राव ने बताया कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और लोगों को घर के नजदीक उपचार उपलब्ध कराना है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ेगी।