हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज विभाग ने सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को निर्देश दिए हैं कि नवगठित पंचायतों को पुरानी पंचायतों से उनके हिस्से की संपत्तियों का हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए। विभाग ने इस संबंध में संपत्ति हस्तांतरण का पूरा रिकॉर्ड भी मांगा है।

पंचायतों के पुनर्गठन के बाद संपत्तियों के बंटवारे की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके तहत पुरानी पंचायतों से अलग होकर बनी नई पंचायतों को उनके क्षेत्र में आने वाली दुकानें, भवन, व्यावसायिक परिसर और अन्य परिसंपत्तियां सौंपी जानी हैं। कुछ पंचायतों में संपत्तियां हस्तांतरित हो चुकी हैं, जबकि कई मामलों में यह प्रक्रिया अभी लंबित है। विभाग ने बीडीओ से यह जानकारी मांगी है कि किन नवगठित पंचायतों को संपत्तियां सौंप दी गई हैं और किनका हस्तांतरण बाकी है। इसके लिए संबंधित पंचायतों की परिसंपत्तियों का पूरा ब्योरा जुटाकर हस्तांतरण की स्थिति स्पष्ट करनी होगी।

विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नई पंचायतों को उनके क्षेत्र की परिसंपत्तियों का अधिकार मिले और हस्तांतरण में किसी तरह की अस्पष्टता या विवाद न रहे। संपत्तियां मिलने से नवगठित पंचायतों के पास अपने संसाधन जुटाने के अवसर बढ़ेंगे। दुकानें, व्यावसायिक परिसर और अन्य संपत्तियां पंचायत के अधिकार में आने से किराये के रूप में नियमित आय हो सकेगी, जिससे विकास कार्यों के लिए पंचायतों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें छोटे-बड़े कार्यों के लिए पूरी तरह सरकारी अनुदान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

प्रदेश में वर्तमान में 92 विकास खंडों के तहत 3758 पंचायतें हैं। 225 पंचायतों को पुनर्गठित कर 189 नई पंचायतें बनाई गईं। इनमें कुछ पंचायतें तीन पंचायतों के क्षेत्रों को सम्मिलित कर बनाई गई हैं।