सर्दियों की दस्तक और पहाड़ों पर बढ़ती ठंड के साथ हिमाचल प्रदेश में जलस्रोतों में पानी की आवक घटने लगी है, जिसका सीधा असर पनविद्युत उत्पादन पर पड़ा है। पानी की कमी से कई परियोजनाओं में टरबाइन की गति थम गई है और जलाशयों में दिनभर पानी जमा कर केवल पीक आवर में बिजली उत्पादन को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश में करीब दो माह से वर्षा नहीं हुई है और हिमपात भी कम हुआ है।

राज्य में बिजली की संभावित उपलब्धता करीब 290.11 लाख यूनिट है, जबकि मांग 394 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। इसमें औद्योगिक मांग 226.48 लाख यूनिट और घरेलू व अन्य मांग 167.61 लाख यूनिट है। इस अंतर को पूरा करने के लिए बाहरी स्रोतों और बाजार से बिजली खरीदी जा रही है।

राज्य विद्युत परिषद के पास 27 छोटे-बड़े हाइड्रो और तीन मेगावाट के दो सोलर प्रोजेक्ट हैं। लारजी, ऊहल और भावा परिषद के तीन बड़े प्रोजेक्ट हैं। लारजी की क्षमता 126 मेगावाट और ऊहल तृतीय की 100 मेगावाट है। लाहुल स्पीति के काजा में दो और चंबा के पांगी में एक मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट है। बीबीएमबी के डैहर पावर हाउस में पानी की कम आवक के कारण छह में से पीक आवर में केवल एक टरबाइन चलाने की स्थिति है। ब्यास नदी में पानी लगातार घट रहा है, जिससे उत्पादन क्षमता सीमित हुई है।

सर्दियों में हीटर और गीजर चलने से बिजली का लोड बढ़ रहा है। सब स्टेशनों पर ओवरलोडिंग और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव की समस्या के चलते कई क्षेत्रों में कटौती की जा रही है। सूखे की स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में उत्पादन और घट सकता है।