असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में भी उन्हें शर्मिंदा कर दिया। सोमवार को सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love का विमोचन हुआ, जिसमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय शामिल हुए थे। हिमंत बिस्वा सरमा ने लिखा, 'सॉरी मैडम, आपके जीवन के इतने खास मौके पर भी वह आपको शर्मिंदा होने से नहीं रोक पाए। देश को यह बहुत पहले ही समझ आ गया था। उम्मीद है अब आपको भी दिख जाएगा। यह प्रोडक्ट लॉन्च और री-लॉन्च की बात से काफी आगे बढ़ चुका है।'
विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता सोनिया गांधी और राजीव गांधी के रिश्ते को याद करते हुए कहा कि मां मेरे पिता की थीं और मेरे पिता उनके थे। उन्होंने कहा कि मम्मी, पापा आपसे प्यार करते थे, लेकिन मैं आपको बता भी नहीं सकता कि उन्हें आप पर कितना गर्व होता। राहुल गांधी ने बताया कि मेरे माता-पिता को लेकर कई तरह की कहानियां प्रचलित हैं, जिनमें एक बड़ी कहानी वर्सिटी रेस्तरां में उनकी मुलाकात की भी है। उन्होंने बताया कि मैं कैंब्रिज में अपनी गर्लफ्रेंड को उसी रेस्तरां में ले गया जहां मेरे माता-पिता पहली बार मिले थे। राहुल गांधी ने भाजपा नेता अमरिंदर सिंह का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने अपने माता-पिता को केवल एक बार झगड़ते देखा था, जब उनके पिता राजीव गांधी फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे और सोनिया गांधी की बात नहीं सुन रहे थे। उनके मुताबिक, दादी के निधन और फिर पिता की हत्या के बाद उनकी मां के व्यवहार में काफी बदलाव आया।
भाजपा ने किताब के विमोचन पर सवाल उठाए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केशवन ने पीटीआई वीडियो से कहा कि युवा पीढ़ी के नजरिए से सोनिया गांधी की आत्मकथा का विमोचन कांग्रेस के लिए एक बेहद नुकसानदेह 'आत्मघाती कदम' साबित हुआ है, क्योंकि इस पुस्तक ने कांग्रेस के 'स्याह कुशासन और पुराने गलत कामों' को उजागर कर दिया है, जिनमें 1984 का सिख विरोधी नरसंहार और आपातकाल जैसी घटनाएं शामिल हैं। केशवन ने कहा कि व्यक्तिगत संस्मरण में किसी व्यक्ति को अपना दृष्टिकोण रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन सोनिया गांधी की आत्मकथा नेहरू-गांधी परिवार के नेतृत्व वाली कांग्रेस के उन राजनीतिक गलत कार्यों पर पर्दा डालने की एक सोची-समझी कोशिश प्रतीत होती है, जिनके लिए कांग्रेस पूरी तरह जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने, कुछ तथ्यों को छिपाने और घटनाओं को बेहतर रूप में दिखाने के जरिए कांग्रेस के प्रथम परिवार को किसी तरह क्लीन चिट देने की यह कोशिश पूरी तरह उलटी पड़ गई है। भाजपा ने किताब को पब्लिश करने की टाइमिंग पर भी सवाल उठाए हैं और इसे आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़ा है। 2027 में उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत 5 राज्यों में चुनाव होने हैं।
