वाराणसी में बेघर और घुमंतू लोगों की जनगणना 4 जनवरी को शाम छह बजे से रात 12 बजे तक होगी। जनगणना प्रभारी एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. सदानंद गुप्ता ने बताया कि प्रगणकों को निर्देश दिए गए हैं कि एक दिसंबर से घर-घर जाने के दौरान वे अपने क्षेत्र के रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, पाइपों में, रेलवे लाइन के किनारे और घाटों आदि पर रहने वाले घुमंतू और बेघर लोगों को चिन्हित करते चलें, ताकि निर्धारित छह घंटे के समय में उन्हें खोजना न पड़े। इस दौरान प्रगणक के साथ पुलिस बल मौजूद रहेगा।
जनगणना का रिवीजन राउंड पांच जनवरी से नौ जनवरी के बीच चलेगा, जिसमें प्रगणक दोबारा लोगों के पास पहुंचकर अपडेट दर्ज करेंगे। जिन घरों में पहली बार ताला बंद मिला था, उनके लिए यह राउंड महत्वपूर्ण है। दोबारा ताला बंद मिलने पर उस घर को जनगणना से हटा दिया जाएगा। चार जनवरी 2027 की रात 12 बजे तक पैदा हुए बच्चे को जनगणना में शामिल किया जाएगा, जबकि इसी समय तक किसी की मृत्यु हुई है तो उसका नाम हटाया जाएगा।
एडीएम वित्त ने बताया कि यदि निर्धारित अवधि में प्रगणक किसी के घर नहीं पहुंचता है तो वह 1855 नंबर पर सूचित कर सकता है। सूचना जिला प्रशासन को मिलते ही प्रगणक को सूचित किया जाएगा और तत्काल जनगणना कराई जाएगी। उन्होंने बुधवार को नवागंतुक कमिश्नर के. विजयेंद्र पांडियन को जनपद में चल रही जनगणना 2027 के विषय में जानकारी दी।
जनगणना प्रभारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण और भावी विकास योजनाओं की आधारशिला है, इसलिए इसकी प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाया गया है ताकि कोई भी वंचित न रहे। जनपद में लगभग 9000 प्रगणक और सुपरवाइजर इस कार्य में लगे हैं। तीसरे दिन 2500 लोगों ने स्वगणना कर ली है, और जहां लोग समूह में इकट्ठा हो रहे हैं, वहां प्रगणक पहुंचकर उन्हें स्वगणना में मदद कर रहे हैं।
