रोहतक के पीजीआईएमएस में मधुमेह से पीड़ित 450 से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं और हर माह करीब 10 नए मरीज सामने आ रहे हैं। दिवाली पर मिठाई खाने के बाद दो बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इन बच्चों को मीठे से दूर रहना पड़ता है और दिन में तीन बार इंसुलिन की सुई सहनी पड़ती है।
पीजीआईएमएस रोहतक के शिशु रोग विभाग में दिवाली के बाद दो बच्चे इलाज के लिए पहुंचे। झज्जर का नौवीं कक्षा का एक छात्र तीन साल से मधुमेह से जूझ रहा है। उसने त्योहार पर मिठाई खा ली, जिसके बाद तबीयत बिगड़ गई और उसे चार दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। छात्र ने बताया कि उसे दिन में तीन बार इंसुलिन लेनी पड़ती है और वह अपना शुगर स्तर खुद जांचता है। उसकी मां ज्योति के अनुसार, करीब तीन साल पहले तक परिवार को बेटे की बीमारी का पता नहीं था। शरीर कमजोर होने और थकान की शिकायत के बाद पीजीआई में जांच से मधुमेह की पुष्टि हुई। परिवार में पहले किसी को यह बीमारी नहीं थी।
जींद की चौथी कक्षा की एक छात्रा की दिवाली पर मिठाई खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई। पहले उसे चक्कर आए और फिर वह बेहोश हो गई। पीजीआई में खून की जांच में मधुमेह की पुष्टि हुई। पिता जोगेंद्र के मुताबिक, घर में पहले किसी को यह बीमारी नहीं थी। इलाज शुरू होने के बाद बच्ची की हालत में सुधार हुआ और चिकित्सकों ने उसे दिन में तीन बार इंसुलिन देने की सलाह दी है।
पीजीआई में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 450 मधुमेह पीड़ित बच्चे पंजीकृत हैं। इनके लिए हर बुधवार को विशेष क्लीनिक चलता है, जहां एक माह में शुगर के दस नए मरीज सामने आते हैं। पीडियाट्रिक्स एंडोक्राइन विभाग की इंचार्ज डॉ. अंजलि वर्मा के अनुसार, मधुमेह पीड़ित बच्चों में बार-बार यूरीन आना, प्यास लगना और वजन घटने की शिकायत आम है। सांस तेज चलना या अचानक बेहोश होना गंभीर स्थिति मानी जाती है। शुगर का इलाज अच्छा खाना, व्यायाम और इंसुलिन है।
