लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत की जांच में फोरेंसिक टीम की सीन रीक्रिएशन रिपोर्ट अहम मानी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिवा की मौत हादसा थी, आत्महत्या थी या उन्हें धक्का दिया गया था।
लखनऊ। प्रयाग नारायण रोड स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत की गुत्थी सुलझाने में फोरेंसिक टीम की सीन रीक्रिएशन रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। नौ अक्टूबर को चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की मौत हुई थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हादसा था, आत्महत्या थी या उन्हें नीचे धकेला गया था।
फोरेंसिक टीम ने शिवा के वजन के बराबर पुतले के जरिये घटनास्थल पर दो अलग-अलग परिस्थितियों में सीन रीक्रिएट किया था। पहली स्थिति में पुतले को फ्लैट से धक्का दिए जाने की आशंका के आधार पर नीचे गिराया गया, जबकि दूसरी स्थिति में खुद छलांग लगाने की संभावना को ध्यान में रखकर परीक्षण किया गया। दोनों परिस्थितियों में पुतले के गिरने की जगह में अंतर सामने आया था। अब रिपोर्ट में दर्ज निष्कर्षों से पता चलेगा कि इनमें से कौन सी स्थिति घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों से अधिक मेल खाती है। करीब 35 दिन बाद किए गए इस परीक्षण की रिपोर्ट से घटनाक्रम की दिशा और गिरने की संभावित स्थिति का वैज्ञानिक आकलन करने में मदद मिल सकती है।
पुलिस रिपोर्ट का मिलान आरोपित श्रद्धा, रश्मि और अन्य संबंधित लोगों के बयानों से करेगी। नौकरानी के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए दूसरे साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया जाएगा। मामले में स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस अब तक जुटाए गए बयानों और साक्ष्यों के साथ फोरेंसिक रिपोर्ट का मिलान कर मौत की असल वजह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। हालांकि, रिपोर्ट आने के बाद भी अंतिम निष्कर्ष जांच के सभी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही सामने आएगा।
