प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक अध्यापक (टीजीटी) भर्ती में बीए बीएड और बीएससी बीएड (चार वर्षीय इंटीग्रेटेड) पाठ्यक्रम के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन का विकल्प पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया है। आयोग की ओर से विज्ञापन संख्या 07/2026 सहायक अध्यापक (टीजीटी) का विज्ञापन 23 अक्टूबर को प्रकाशित किया गया था।
इस विज्ञापन में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी से शास्त्री (संस्कृत) योग्यताधारी अभ्यर्थियों तथा बीए बीएड और बीएससी बीएड चार वर्षीय (इंटीग्रेटेड) पाठ्यक्रम के अभ्यर्थियों को आवेदन करने का विकल्प पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रहा था, जिससे अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शासन के आदेश संख्या 1570/15-05-2026-1600(42)/2026 माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-पांच लखनऊ के दिनांक 13 नवंबर के निर्देश के क्रम में शास्त्री (संस्कृत) योग्यताधारी अभ्यर्थियों तथा आयोग द्वारा लिए गए निर्णय के क्रम में बीए बीएड और बीएससी बीएड चार वर्षीय इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम अर्हताधारी अभ्यर्थियों को यह विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
आयोग के उप सचिव संजय सिंह की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अब संबंधित अभ्यर्थी विज्ञापन के अनुसार आवेदनपत्र भर सकते हैं।
