हैदराबाद के बहादुरपुरा थाना क्षेत्र के हसन नगर में मंगलवार शाम एक किराए के मकान में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप महिला के पति पर लगाया गया है, जो वारदात के बाद से फरार है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद के चलते धारदार हथियार से गला रेतकर यह हत्या की गई।

मृतका और उसका पति मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और करीब 10 दिन पहले ही हसन नगर स्थित इस मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रहने आए थे। आरोपी पति पास के एक कबाड़ गोदाम में मजदूरी का काम करता था। गोदाम मालिक ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे उनकी महिला से बात हुई थी। इसके बाद वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर बहादुरपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे के अंदर महिला का शव पड़ा मिला। घर में मौजूद दंपती की करीब 2 से 3 साल की बेटी पूरी तरह सुरक्षित मिली। फिलहाल बच्ची मकान मालिक की देखरेख में है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल की मॉर्चरी भेज दिया है।

विवाद की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मृतका की पहचान पुख्ता करने के साथ-साथ फरार आरोपी पति की तलाश में जुटी है।