आईजीआई एयरपोर्ट पर यात्रियों, खासकर विदेशी पर्यटकों को सस्ते होटल और कैब का लालच देकर एजेंट परेशान कर रहे हैं। टर्मिनल से बाहर निकलते ही ये लोग यात्रियों को घेर लेते हैं और साथ चलने का दबाव बनाते हैं। इससे यात्रियों में असुरक्षा और ठगी का डर पैदा होता है, जिसका असर दिल्ली और देश की अंतरराष्ट्रीय छवि पर पड़ रहा है।

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों टर्मिनलों के आगमन द्वारों पर ऐसे लोगों का जमावड़ा रहता है। विदेशी पर्यटक इनके खास निशाने पर हैं। भारत आने वाले पर्यटकों के लिए एयरपोर्ट ही राजधानी से पहला परिचय होता है, और अनजान लोगों का इस तरह घेरना उनके शुरुआती अनुभव को खराब कर सकता है।

एयरपोर्ट पर प्रीपेड टैक्सी, ऐप आधारित कैब, एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो, मैजेंटा लाइन और बसों की सुविधा है। सूचना केंद्र, सहायता कियोस्क, मुद्रा विनिमय, चिकित्सा सहायता और दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर भी उपलब्ध है। इसे रोकने के लिए दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ टाउटिंग एंड मालप्रैक्टिसेज अगेंस्ट टूरिस्ट्स एक्ट भी मौजूद है, जिसमें यात्रियों को बहलाना या गुमराह करना टाउटिंग के दायरे में आता है। दोषी को एक साल तक की जेल या दस हजार रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। इसके बावजूद यह गतिविधि जारी है।

आईजीआई संवेदनशील सुरक्षा स्थलों में शामिल है। आगमन क्षेत्र में सक्रिय लोगों की पहचान, वहां रहने की अवधि और गतिविधियों के सत्यापन पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस और एयरपोर्ट प्रबंधन से यह जानकारी मांगी जा रही है कि कितनी शिकायतें मिलीं, कितने लोगों पर कार्रवाई हुई और निगरानी की क्या व्यवस्था है। पुलिस उपायुक्त, आईजीआई विचित्र वीर से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया।