बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना का ऐलान किया है, जिस पर ढाका में हंगामा है। तारिक रहमान सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है, जबकि प्रतिबंधित अवामी लीग के लोग सड़कों पर उतरकर उत्पात मचा रहे हैं। इस बीच विदेश मंत्रालय ने बुधवार को साफ किया कि हसीना का अपनी मर्जी से लौटने का प्लान प्रत्यर्पण की मांग से अलग मामला है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को कहा कि यह मामला हसीना और बांग्लादेश सरकार के बीच का है। उन्होंने बताया कि ढाका की ओर से आए प्रत्यर्पण अनुरोध की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है। प्रवक्ता ने कहा कि किसी नागरिक के अपने देश लौटने और उसके लिए जरूरी यात्रा दस्तावेजों का सवाल प्रत्यर्पण अनुरोध से अलग है।
हसीना ने भारत में दो साल से ज्यादा समय तक निर्वासन के बाद 16 दिसंबर को लौटने की इच्छा जताई है। यह वही दिन है जब बांग्लादेश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर विजय का उत्सव मनाता है। उनके प्रवासी प्रवक्ता के मुताबिक हसीना ने बांग्लादेश सरकार से राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से दिल्ली से उनकी वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। इस बयान पर ढाका ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि हसीना को हथकड़ियों में वापस लाया जाएगा। उधर अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को पूरे बांग्लादेश में पूर्ण लॉकडाउन का आह्वान किया है और सरकार के सामने आठ मांगें रखी हैं, जिनमें पार्टी से प्रतिबंध हटाना, राजनीतिक बंदियों की रिहाई और हसीना पर दर्ज मुकदमे वापस लेना शामिल है।
भारत ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों को निशाना बनाकर की जा रही हिंसा की घटनाओं पर चिंता जताई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि बांग्लादेश सरकार से अपेक्षा है कि इन मुद्दों की जांच होगी और इनके पीछे के लोगों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।
