पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध शुरू होने के बाद सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच तनाव बढ़ रहा है। हूतियों ने बीते कुछ हफ्तों में सऊदी अरब में कई बड़े हमले किए हैं, जिनमें भारतीयों की जान भी दांव पर लगी है। मंगलवार को रियाद में हूती के हमले में कम से कम दो भारतीयों के घायल होने की खबर है। भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है।
बुधवार को भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की बात कही। मंत्रालय के अनुसार रियाद स्थित भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता दे रहा है। भारत ने कहा कि ऐसे हमलों से आम नागरिकों की जान को गंभीर खतरा है और ये सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करने के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को भी कमजोर करते हैं। भारत ने सऊदी अरब की जनता और सरकार के प्रति एकजुटता दोहराते हुए देश की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपना पूरा समर्थन जताया और उम्मीद जताई कि क्षेत्र में जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।
सऊदी अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट स्थित एक टावर को निशाना बनाकर किए गए हमले में दो भारतीयों सहित कम से कम 11 लोग घायल हो गए। घायलों में सऊदी अरब के दो, भारत के दो, नेपाल के तीन और मिस्र के चार नागरिक शामिल हैं। इसके बाद सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों से स्थानीय नियमों और कानूनों का पालन करने की अपील की है।
यह एक सप्ताह से भी कम समय में रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट के किसी टावर पर हुआ दूसरा हमला था। इससे पहले 19 नवंबर को हुए हमले में एक टावर और आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचा था, हालांकि उस समय किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली थी। रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में हुए हमले के बाद यमनी विद्रोही लड़ाकों ने धमकी दी है कि अगर सऊदी अरब यमन के होदेइदाह बंदरगाह पर हमला करने की धमकियों को अंजाम देता है, तो वह जेद्दा बंदरगाह और लाल सागर तट पर स्थित अन्य सभी सऊदी बंदरगाहों को निशाना बनाएगा। एक अनुमान के मुताबिक इस तरह के हमलों में अब तक करीब 25 भारतीयों की मौत हो चुकी है। भारत लगातार कहता रहा है कि संघर्षों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए निकाला जाना चाहिए और इस तरह के हमले क्षेत्रीय स्थिरता को कमजोर करते हैं तथा बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट से होने वाले आवागमन के लिए खतरा पैदा करते हैं।
